दो दिन के दौरे पर सिक्किम पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगटोक में युवाओं के साथ फुटबॉल खेलकर सबका ध्यान खींच लिया।
पीएम ने इस खास पल की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर कीं। तस्वीरों में वह तिरंगे के निशान वाली नीली स्पोर्ट्स जैकेट में नजर आए। सभी युवाओं के साथ उन्होंने एक जैसा किट पहना और हाथ में फुटबॉल भी दिखाई दी।
पीएम मोदी ने क्या कहा? तस्वीरें साझा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “गंगटोक की एक प्यारी सुबह, सिक्किम में अपने नन्हे दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने का मजा ही कुछ और है!”एक अन्य पोस्ट में उन्होंने इसे “जबरदस्त सेशन” बताया।
अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। सिक्किम के राज्य बनने के 50 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित समापन समारोह में भी पीएम मोदी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वह गंगटोक स्थित स्वर्णजयंती मैत्री मंजरी पार्क में बने ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे, जिसे वर्ल्ड क्लास ऑर्किड एक्सपीरिएंस सेंटर के रूप में विकसित किया गया है।
जनसभा और रोड शो
प्रधानमंत्री पालजोर स्टेडियम में जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं। इससे पहले गंगटोक पहुंचने पर उन्होंने रोडशो भी किया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। गौरतलब है कि पीएम मोदी को पहले ही सिक्किम पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका कार्यक्रम टल गया था। अब दौरे के दौरान विकास के साथ-साथ उनका यह ‘स्पोर्टी अंदाज’ भी चर्चा में बना हुआ है।