कोलकाता/लखनऊ: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। मतगणना शुरू होने में कुछ ही घंटे बाकी हैं, ऐसे में BJP और TMC समेत सभी पार्टियां अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रही हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी ममता बनर्जी के समर्थन में खुलकर बयान दिया है।
ममता के समर्थन में अखिलेश का पोस्ट
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ममता बनर्जी के समर्थन में पोस्ट करते हुए लिखा, “एक अकेली लड़ जाएगी, जीतेगी और बढ़ जाएगी।”
बंगाल चुनाव के दौरान भी सपा प्रमुख लगातार TMC के समर्थन में सक्रिय रहे। इससे पहले उन्होंने दूसरे चरण के मतदान के दिन भाजपा पर निशाना साधते हुए ममता की तारीफ की थी।
ममता का बड़ा दावा- 200 पार
मतगणना से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं और काउंटिंग एजेंटों को संबोधित करते हुए कहा कि TMC 200 से ज्यादा सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी।
उन्होंने एग्जिट पोल को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि ये सिर्फ “बाजार को प्रभावित करने की कोशिश” हैं।
293 सीटों पर ही क्यों होगी काउंटिंग?
राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से इस बार 293 सीटों पर ही 4 मई को मतगणना होगी।
दरअसल, दक्षिण 24 परगना जिले के कुछ बूथों पर गड़बड़ी की शिकायत के बाद दोबारा मतदान कराया गया। वहीं फाल्टा विधानसभा सीट के सभी बूथों पर पुनर्मतदान का फैसला लिया गया है।
फाल्टा सीट पर 21 मई को वोटिंग और 24 मई को मतगणना होगी। इसी वजह से बाकी 293 सीटों के नतीजे पहले घोषित किए जाएंगे।
दो चरणों में हुआ मतदान
बंगाल में इस बार दो चरणों में मतदान कराया गया था।
- पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोटिंग
- दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान
अब सबकी नजरें 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि बंगाल में सत्ता की कुर्सी किसके हाथ लगेगी।