नई दिल्ली। समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर केंद्र और भाजपा की राज्य सरकारें एक्टिव मोड में हैं। उत्तराखंड में इसके सबसे पहले लागू होने की चर्चा है। इस बीच इस बिल को लेकर कांग्रेस का बयान सामने आया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता ने इसपर चिंता जाहिर की है।
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने यूसीसी पर बयान देते हुए कहा कि यह एक चिंता का विषय बन गया है, क्योंकि इससे विभिन्न समुदाय को मिले अधिकारों का हनन हो सकता है और यही डर का आधार है।
थरूर ने कहा, हमें पहले यह देखना है कि आखिर सरकार का प्रस्ताव क्या है। सरकार ने अभी तक ड्राफ्ट नहीं रखा है और न ही हितधारकों के साथ किसी भी तरह की कोई चर्चा शुरू की है। इसलिए कांग्रेस पार्टी ने फैसला लिया है कि वह तब तक कुछ नहीं कहेगी जब तक ड्राफ्ट सामने नहीं आता। हमें हिंदू कोड बिल लाने के लिए भी आजादी के बाद 9 साल लगे और इसलिए लोगों को समझाने में समय लगता है।