ओडिशा के ढेंकानाल जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रविवार शाम हिंदोल क्षेत्र के बालिमी थाना अंतर्गत पाताला गांव में पारंपरिक ‘दंड यात्रा’ की तैयारियों के दौरान करंट लगने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान सुधाकर साहू, पिंटू साहू और मिलन महालिक के रूप में हुई है। ये सभी युवक गांव में आयोजित होने वाली दंड यात्रा में हिस्सा ले रहे थे और कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने का काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब टेंट लगाने के दौरान इस्तेमाल किया जा रहा लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। पाइप के तार से छूते ही तेज करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आकर तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना शाम करीब 8 बजे की बताई जा रही है। उस समय गांव में डांस कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी और माहौल उत्सव का था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने खुशी को मातम में बदल दिया। हादसे में प्रफुल्ल साहू और निर्मल साहू भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले अंगुल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग स्तब्ध हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।