पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण का मतदान संपन्न हो गया है। 152 सीटों पर हुई वोटिंग में इस बार रिकॉर्ड करीब 92% मतदान दर्ज किया गया, जिसे राज्य की राजनीति में बड़ा संकेत माना जा रहा है। भारी मतदान के बाद अब सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं और सियासी हलचल तेज हो गई है।
रिकॉर्ड वोटिंग के बाद राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कोई इसे सत्ता परिवर्तन की आहट बता रहा है, तो कोई इसे ममता बनर्जी के पक्ष में जनसमर्थन की लहर मान रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दूसरे चरण से पहले ही बड़ा दावा कर दिया है।
ममता बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासन में बीजेपी से जुड़े लोगों को जगह दी गई है। उन्होंने कहा, “आप हमें हराने की क्षमता नहीं रखते। हम अन्याय के खिलाफ लड़ते हैं और अपने अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे।”
यही नहीं, ममता ने खुलकर चुनौती देते हुए कहा, “मैं बंगाल में पैदा हुई हूं और यहीं मरूंगी। बंगाल जीतने के बाद दिल्ली की बारी होगी। मुझे सत्ता नहीं चाहिए, बल्कि दिल्ली से बीजेपी को हटाना है।”
पहले चरण में हुई बंपर वोटिंग को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ये बदलाव का संकेत है या फिर ममता का जादू एक बार फिर चलेगा। हालांकि इन सभी दावों की सच्चाई 4 मई को सामने आएगी, जब चुनाव नतीजे घोषित होंगे। तब साफ होगा कि बंगाल की जनता ने किसे अपना समर्थन दिया है।