नई दिल्ली। आप नेता सौरभ भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली पुलिस ने जनकपुरी इलाके में तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले में पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जनकपुरी स्थित एक स्कूल में हुई घटना को लेकर सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया था। आरोप है कि इस पोस्ट में ऐसी जानकारी साझा की गई, जिससे पीड़िता की पहचान उजागर होने की आशंका बनी। इसके बाद जनकपुरी थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दरअसल, पिछले महीने स्कूल परिसर में तीन साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इस घटना को लेकर सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि पीड़िता के परिवार पर मामले को दबाने का दबाव बनाया जा रहा है।
आप नेता ने दावा किया था कि बच्ची के माता-पिता एम्स में दोबारा मेडिकल जांच कराना चाहते हैं, लेकिन पुलिस इसके लिए तैयार नहीं हो रही। उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि आरोपी को बचाने की कोशिश आखिर कौन कर रहा है और पीड़ित परिवार को अब तक न्याय क्यों नहीं मिल पाया।
इस मामले को लेकर Aam Aadmi Party ने हाल के दिनों में दिल्ली में विरोध प्रदर्शन भी किया था। वहीं अब पुलिस ने पीड़िता की पहचान उजागर किए जाने के पहलू को लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।