कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार ने बुधवार को लोक भवन में आयोजित भव्य समारोह में कर्नाटक के 34वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। वहीं, कांग्रेस के अनुभवी नेता जी परमेश्वर ने राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, विभिन्न धार्मिक गुरुओं और देशभर से आए कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
डीके शिवकुमार कर्नाटक कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। वह कनकपुरा विधानसभा क्षेत्र का लगातार आठ बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और वर्ष 2020 से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने और संगठन को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समारोह से पहले शिवकुमार ने कई धार्मिक नेताओं से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। शपथ ग्रहण से पूर्व उन्होंने अपनी माता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो भी चर्चा का विषय बने।
कार्यक्रम में मौजूद हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिवकुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक पार्टी के लिए समर्पित होकर काम किया है। सुक्खू ने कहा कि यह निर्णय आपसी सहमति से लिया गया है और शिवकुमार आगामी वर्षों में कांग्रेस की नीतियों को आगे बढ़ाएंगे। कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने भी नेतृत्व परिवर्तन को सकारात्मक बताते हुए कहा कि पार्टी हाईकमान ने एक दूरदर्शी निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिवकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस भविष्य में भी कर्नाटक में अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखेगी। शुक्ला ने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सत्ता हस्तांतरण को सहज बनाने में सहयोग दिया और अपना पूर्ण समर्थन एवं आशीर्वाद दिया।
कर्नाटक की राजनीति में यह बदलाव एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया का स्थान लेते हुए मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली है। साथ ही कांग्रेस नेतृत्व ने मंत्रिमंडल के पहले चरण में शामिल किए जाने वाले मंत्रियों के नामों को भी अंतिम रूप दे दिया है।