तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष K. Annamalai ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष Nitin Nabin से मुलाकात के दौरान अपना इस्तीफा सौंपा। लंबे समय से उनके पार्टी छोड़ने की चर्चाएं चल रही थीं। सूत्रों के मुताबिक, अन्नामलाई आज शाम केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah से भी मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में उनके भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हो सकती है।
बताया जा रहा है कि अन्नामलाई पिछले कुछ समय से पार्टी नेतृत्व के कुछ फैसलों से असहज थे। खासतौर पर तमिलनाडु में भाजपा और AIADMK के बीच दोबारा गठबंधन होने के बाद उनकी नाराजगी बढ़ गई थी। अन्नामलाई चाहते थे कि भाजपा राज्य में अकेले चुनाव मैदान में उतरे, क्योंकि उन्हें लगता था कि पिछले वर्षों में पार्टी ने तमिलनाडु में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा भेजने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। पिछले साल प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद से ही उनके और पार्टी नेतृत्व के बीच दूरी बढ़ने की चर्चा थी। तीन भाषा नीति को लेकर भी अन्नामलाई ने पार्टी लाइन से अलग राय रखी थी। उन्होंने केंद्र सरकार की भाषा नीति पर खुलकर सवाल उठाए थे, जिसके बाद उनके अलग राजनीतिक रास्ता चुनने की अटकलें तेज हो गई थीं।
अब चर्चा इस बात की भी है कि अन्नामलाई जल्द अपनी नई राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर सकते हैं। उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर ‘मक्कल शक्ति अय्यकम’ नाम से संभावित नई पार्टी का झंडा और डिजाइन भी साझा किया है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई ने 2019 में पुलिस सेवा छोड़कर राजनीति में कदम रखा था। 2020 में भाजपा में शामिल होने के बाद वे तेजी से पार्टी में उभरे और जुलाई 2021 से अप्रैल 2025 तक तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष रहे। आक्रामक शैली, साफ छवि और भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर रुख के चलते उन्होंने युवाओं के बीच खास पहचान बनाई।