आम आदमी पार्टी को एक और बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी जॉइन करने का ऐलान कर दिया। करीब दो दशक पुराना साथ छोड़ते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भरोसा जताया और अरविंद केजरीवाल पर तीखे आरोप लगाए। गौरतलब है कि इससे पहले राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। उस दौरान यह भी दावा किया गया था कि कुछ और सांसद पार्टी का साथ छोड़ सकते हैं, जिनमें अब स्वाति मालीवाल का नाम भी शामिल हो गया है।
बीजेपी में शामिल होने के बाद मालीवाल ने कहा कि उनका यह फैसला किसी दबाव में नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्वास के चलते लिया गया है। उन्होंने कहा कि जो लोग “रचनात्मक राजनीति” करना चाहते हैं, उन्हें बीजेपी से जुड़ना चाहिए। इस दौरान उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर सीधे निशाना साधते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। मालीवाल ने कहा कि वह 2006 से केजरीवाल के साथ थीं और हर आंदोलन में उनका साथ दिया, लेकिन उन्हें अपने ही घर में अपमान और हिंसा का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि आवाज उठाने पर उन्हें डराया-धमकाया गया और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया।
मालीवाल ने केजरीवाल को “महिला विरोधी” बताते हुए यह भी कहा कि पिछले दो वर्षों में उन्हें संसद में बोलने का मौका तक नहीं दिया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जमकर तारीफ की। मालीवाल ने कहा कि देश में बड़े फैसले लेने और विकास को आगे बढ़ाने में मौजूदा नेतृत्व ने अहम भूमिका निभाई है। फिलहाल, AAP में लगातार हो रहे इस तरह के घटनाक्रम से सियासी सरगर्मी और तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इसके बड़े राजनीतिक असर देखने को मिल सकते हैं।