तमिलनाडु में आज से नई सरकार का आगाज होने जा रहा है। टीवीके प्रमुख C. Joseph Vijay आज सुबह 10 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में राज्य के 9वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले शनिवार को C. Joseph Vijay ने राज्यपाल R. N. Ravi से लोकभवन में मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने 121 विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा। तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों के समर्थन की जरूरत थी। समर्थन देने वाले विधायकों में टीवीके के 108 विधायक शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस के 5, सीपीआई और सीपीआई(एम) के 2-2 विधायकों ने समर्थन दिया। वहीं वीसीके और आईयूएमएल ने भी अपने 2-2 विधायकों का समर्थन टीवीके को दिया।
समर्थन पत्रों की जांच के बाद राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने का न्योता दे दिया। इसके बाद उनके समर्थकों में जश्न का माहौल शुरू हो गया। विजय के मुख्यमंत्री बनने को लेकर उनके परिवार और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। फिल्मों में नायक की भूमिका निभाने वाले विजय अब वास्तविक राजनीति में भी नई भूमिका निभाने जा रहे हैं। हालांकि मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने का रास्ता विजय के लिए आसान नहीं रहा। 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद से 9 मई तक तमिलनाडु में लगातार राजनीतिक हलचल बनी रही।
6 मई को विजय कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन के साथ राज्यपाल से मिले थे, लेकिन बहुमत से पांच विधायक कम होने के कारण राज्यपाल ने उन्हें वापस लौटा दिया। इसके बाद 7 मई को वामपंथी दलों के 4 विधायकों के समर्थन के साथ विजय ने दूसरी बार राज्यपाल से मुलाकात की, लेकिन तब भी राज्यपाल ने 118 विधायकों का स्पष्ट समर्थन दिखाने को कहा।
इसके बाद विजय ने कुछ समय मांगा और समर्थन जुटाने में लग गए। 8 मई को टीवीके ने वीसीके के समर्थन का दावा किया और उसी शाम विजय तीसरी बार राज्यपाल से मिलने पहुंचे। हालांकि देर रात तक वीसीके की ओर से आधिकारिक समर्थन की पुष्टि नहीं होने के कारण मामला फिर अटक गया। आखिरकार 9 मई को आईयूएमएल और वीसीके ने टीवीके को समर्थन देने का ऐलान किया, जिसके बाद विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।