लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए चुनाव प्रक्रिया और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में “मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया” सक्रिय है, जो लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने में लगा है।
‘भाजपा नफरत और विभाजन की राजनीति कर रही’
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के पास जनता को बताने के लिए कोई सकारात्मक काम नहीं है, इसलिए वह समाज में नफरत और टकराव की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए विपक्षी दलों और जनता को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान वोटर लिस्ट से नाम हटाने का खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि फॉर्म-7 के जरिए विपक्ष के समर्थकों को मतदान से दूर करने की कोशिश की जाती है। सपा प्रमुख के मुताबिक, 2019 में मतदान करने वाले कई लोगों के नाम 2022 की वोटर सूची में नहीं मिले।
उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) पर भी सवाल उठाए और कहा कि कई विकसित देशों में आज भी बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाते हैं। अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी लगातार बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाती रहेगी।
‘2027 में भाजपा को हराकर EVM हटाएंगे’
सपा अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी भाजपा को हराकर EVM हटाने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी निष्क्रिय रहने का आरोप लगाया और कहा कि शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो सरकार “जीरो टॉलरेंस” की बात करती थी, उसने कानून व्यवस्था को ही “जीरो” बना दिया है। उन्होंने दावा किया कि NCRB के आंकड़े सरकार की विफलता को दिखाते हैं।
2027 के लिए बड़े वादे
अखिलेश यादव ने घोषणा की कि यदि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो महाराणा प्रताप जयंती पर दो दिन का सार्वजनिक अवकाश दिया जाएगा। साथ ही गोमती रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सपा सरकार बनने पर केजी से पीजी तक लड़कियों की शिक्षा मुफ्त की जाएगी और गरीबों को निशुल्क इलाज की सुविधा दी जाएगी। अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से 2027 चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया।