चंडीगढ़/ अमृतसर: पंजाब में हालिया धमाकों के बाद सियासत तेज हो गई है। अमृतसर के खासा कैंप इलाके के पास हुए विस्फोट को लेकर मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।सीएम मान ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली ऐसी रही है कि जहां चुनाव होने होते हैं, वहां पहले माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे-छोटे धमाकों और सामाजिक विभाजन के जरिए लोगों को बांटने की कोशिश की जाती है, ताकि राजनीतिक फायदा उठाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और घटना के जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब ने पहले ही मुश्किल दौर देखे हैं और अब राज्य के लोग ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
दूसरी ओर, Pratap Singh Bajwa ने इन घटनाओं को लेकर राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि एक ही दिन में जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
बाजवा ने सरकार से मांग की कि इन घटनाओं के पीछे शामिल लोगों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जब राज्य में तरह-तरह की अटकलें और आशंकाएं फैल रही हों, तब प्रशासन की ओर से तेज और पारदर्शी कार्रवाई बेहद जरूरी है।
कांग्रेस नेता ने यह भी चिंता जताई कि पहले से ही बेरोजगारी और सीमित अवसरों जैसी समस्याओं से जूझ रहे पंजाब में ऐसी घटनाएं लोगों के बीच असुरक्षा की भावना को बढ़ा सकती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को किसी भी तरह की अस्थिरता से बचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। फिलहाल, इन धमाकों को लेकर जांच एजेंसियां सक्रिय हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।