चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने सेना में अग्निपथ योजना के तहत भर्ती होने वाले जवानों के लिए बड़ी खुशी की खबर दी है। राज्य की भाजपा सरकार ने फैसला किया है कि वह सरकारी नौकरियों में अग्निवीरों को 10% आरक्षण देगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “अग्निपथ प्रधानमंत्री की बहुत ही लोकहित की योजना है। इस योजना के माध्यम से हमारे पास कुशल युवा, एक्टिव युवा तैयार होता है। हमारी सरकार हरियाणा में अग्निवीरों को प्रदेश सरकार द्वारा भर्ती किए जाने वाले कॉन्स्टेबल, माइनिंग गार्ड, फॉरेस्ट गार्ड, जेल वार्डन और एसपीओ के पदों पर सीधी भर्ती में 10% हॉरिजॉन्टल आरक्षण प्रदान करेगी। ये प्रावधान हमने किया है।”
सीएम ने कहा, “हमने अग्निवीरों को ग्रुप B और C में सरकारी पदों के लिए निर्धारित अधिकतम आयु में तीन साल की छूट दी है। अग्निवीरों के पहले बैच के मामले में आयु में यह छूट 5 वर्ष की होगी। सरकार ग्रुप C में सिविल पदों पर सीधी भर्ती में अग्निवीरों के लिए 5% हॉरिजॉन्टल आरक्षण और ग्रुप B में 1% हॉरिजॉन्टल आरक्षण देगी। अगर अग्निवीर को किसी भी औद्योगिक इकाई द्वारा प्रति माह 30 हजार रुपए से अधिक वेतन दिया जाता है तो हमारी सरकार उस औद्योगिक इकाई को 60 हजार रुपए वार्षिक सबसिडी देगी।”