करनाल। गुरुवार को अपने करनाल प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। भाजपा सरकार का इंजन पूरी तरह मजबूत है और हरियाणा में भाजपा तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
वहीं सांसद दीपेंद्र हुड्डा के हरियाणा मांगे हिसाब अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि वह एक दिन पहले दीपेंद्र को 11 प्रश्नों के उत्तर मांगने की चुनौती दे चुके हैं और आगे भी उनसे प्रश्न पूछते रहेंगे। वह गांव, घर अथवा होटल में बैठकर कहीं से तो उत्तर दें?
सीएम ने कहा कि आप और कांग्रेस जैसी पार्टियों के नेता हमेशा झूठ बोलते रहते हैं। अंदरुनी तौर पर दोनों दल मिले हुए हैं। विधायक नयनपाल रावत के संदर्भ में उन्होंने दावा किया कि वह हमारे साथ हैं। राव दान सिंह के यहां ईडी की रेड पर उन्होंने कहा कि ईडी स्वतंत्र एजेंसी है और वह अपना काम कर रही है।