जयपुर। प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार जनप्रतिनिधियों की क्षेत्र से संबंधित विकास की मांगों पर तत्परता से कार्य कर रही है। पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, विधायक सहित समस्त जनप्रतिनिधि क्षेत्र की नब्ज जानते हैं, इसलिए हमने बजट में उनके फीडबैक और सुझावों के आधार पर प्रदेश की आठ करोड़ जनता के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। हमने बजट में सभी क्षेत्रों की मांग को पूरा किया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर केकड़ी जिले के निवासियों के आभार समारोह को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का वर्ष 2024-25 का परिवर्तित बजट प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस ऐतिहासिक बजट में गांव, ढाणी, शहर व छोटे-बड़े जिलों में विकास का ऐसा रोडमेप तैयार किया गया है, जिससे ‘आपणो अग्रणी राजस्थान’ का संकल्प साकार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के लिए सबसे पहले सोचकर योजनाओं-कार्यक्रमों का संचालन कर रही है। आमजन भी अपने आस-पास वंचितों की पहचान कर उन्हें लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संकल्प पत्र व बजट की प्रत्येक घोषणा को क्रियान्वित करने के लिए कृत संकल्पित है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सामाजिक सरोंकारों को सदैव वरीयता दी है। उन्होंने ही ‘स्वच्छ भारत अभियान’ की शुरूआत कर स्वच्छता का संदेश देने और ‘बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ’ अभियान चलाकर लड़के-लड़कियों का लिंगानुपात सुधारने का महत्ती काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में दूरगामी कदम उठाते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरूआत की है। भजनलाल शर्मा ने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि वे अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाकर इस अभियान को सफल बनाएं।