रांची। झारखंड सरकार की ओर से शुरू की गयी वृद्धावस्था पेंशन योजना (50 से 60 वर्ष) की पहली किस्त बुधवार को दी जायेगी। इस योजना के तहत सभी वर्ग की महिला व अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति वर्ग के पुरुष को एक हजार रुपये प्रतिमाह वृद्धावस्था पेंशन दी जाती है।
यह जानकारी महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार व निदेशक शशि प्रकाश झा ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन कुल 1,58,218 लाभुकों के बैंक खाता में 3.16 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे।
इस मौके पर राज्य विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ भी होगा. इसके तहत विधवा पुनर्विवाह करनेवाली महिला को दो लाख रुपये सहायता राशि दिये जाने का प्रावधान है। पुनर्विवाह करनेवाली कुल सात महिलाओं को राशि दी जायेगी. योजना के तहत चयनित महिलाओं में लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला-खरसावां की एक-एक व पलामू व हजारीबाग जिला की दो-दो महिला शामिल हैं।