कानपुर। उप्र के कानपुर के काकादेव में हिन्दू नाबालिग किशोर का धर्म परिवर्तन कराकर एक बच्चे की मां से निकाह का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि रविवार को नाबालिग लड़के का एक घर में धर्म परिवर्तन कराकर महिला के साथ निकाह कराया।
मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंच कर हंगामा किया। किशोर की मां ने थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र भी दिया है। मामले में पुलिस निकाह करने वाले मौलाना सहित चार अन्य को हिरासत में लेकर छानबीन कर रही है।
जानकारी के मुताबिक लगभग 16 साल के लड़के की मां काकादेव थाने में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ पहुंची। मां ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उसके बेटे को फुसला कर धर्म परिवर्तन कराया गया। उसके बाद एक मुस्लिम परिवार की मौजूदगी में मौलवी ने एक बच्चे की माँ से उसका निकाह करा दिया।
बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि ओम चौराहा के पास रहने वाले किशोर को बहला-फुसला कर साजिश के तहत निकाह कराया गया है। मामले की जानकारी पुलिस अफसरों को देने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई।
देर रात तक बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने में मौजूद रहे। उन लोगों ने किशोर का धर्म परिवर्तन व निकाह कराते वीडियो भी पुलिस को दिखाया।
बजरंग दल के प्रांत सुरक्षा प्रमुख आशीष त्रिपाठी का आरोप है कि किशोर को फुसला कर धर्म परिवर्तन कराया गया है। पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई है।