नई दिल्ली। इजराइल में कोरोना वायरस के खिलाफ जंग जीतता नजर आ रहा है। यहां अब तक सबसे ज्यादा लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है। जानकारी के मुताबिक इजराइल में अब तक 28 फीसदी से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है जो दुनिया में सबसे ज्यादा है।
बड़े पैमाने पर टीककरण होने के बाद अब इसका असर भी तेजी से दिखने लगा है। वैक्सीनेशन का काम तेजी से होने की वजह से कोरोना के 94 फीसदी सिम्प्टोमैटिक केस कम हो गए हैं। यह खुलासा एक ताजा स्टडी में हुआ है। इजराइल के सबसे बड़े हेल्थ केयर प्रोवाइडर क्लैलिट के शोधकर्ताओं की ओर से की गई स्टडी के मुताबिक फाइजर वैक्सीन की 2 डोज लेने वालों में COVID-19 के सिम्प्टोमैटिक मरीज 94 फीसद तक कम हो गए हैं।
स्टडी के अनुसार फाइजर-बायोएनटेक की कोरोना वैक्सीन लेने वालों में कोविड के लक्षण आने और गंभीर मामले की संभावना बहुत कम है। ये स्टडी फाइजर वैक्सीन के दोनों डोज लेने वाले 6 लाख लोगों पर की गई।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक जिन लोगों ने वैक्सीन नहीं ली उन लोगों की तुलना में वैक्सीन लेने वालों में बुखार और सांस लेने में तकलीफ जैसे कोरोना के लक्षण 94 फीसदी तक कम दिखे। वहीं वैक्सीन की दोनों डोज लेने के बाद ऐसे मामलों में 92 फीसदी गिरावट देखी जिनमें अस्पताल में भर्ती करने, आईसीयू या फिर वेंटिलेटर की जरूरत पड़ती थी। इस प्रारंभिक स्टडी की अभी समीक्षा नहीं की गई है।