मुरैना| मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में एक मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कई यात्री ट्रेन से उतरकर ट्रैक पर कूद गए, तभी दूसरी पटरी पर तेज रफ्तार से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
घटना मुरैना के हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। पुलिस और रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस शाम करीब 4 बजे मुरैना से धौलपुर की ओर रवाना हुई थी। ट्रेन जैसे ही हेतमपुर स्टेशन के पास पहुंची, कोच में आग लगने की अफवाह फैल गई। देखते ही देखते यात्रियों में भगदड़ मच गई और कई लोग बिना स्थिति समझे ट्रेन से नीचे उतरने लगे।
इसी दौरान बगल की पटरी से गुजर रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कुछ अन्य यात्री घायल भी बताए जा रहे हैं। मुरैना एसपी धर्मराज मीणा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान आफरीन (35), अशद (4), शकुंतला (60) और वीरमा देवी (58) के रूप में हुई है।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जांच में आग लगने की अफवाह को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराहट में ट्रेन से न उतरें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। हादसे के बाद कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में ट्रैक को क्लियर कर संचालन सामान्य कर दिया गया।