पटना में दो कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहा विवाद अब गंभीर मोड़ लेता दिख रहा है। ज्ञान बिंदु GS एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने इस मामले में खान सर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्रिंस यादव का शव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल से बरामद हुआ था। घटना के बाद नेपाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रिंस यादव की मौत ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में उनका नाम पटना में चर्चित कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में सामने आया था।
प्रिंस यादव की मौत को लेकर तेज प्रताप यादव ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस पूरे मामले में खान सर की भूमिका की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए। तेज प्रताप ने दावा किया कि अगर मामले की गहराई से जांच हो तो कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
तेज प्रताप यादव ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में कुछ लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जबकि दूसरी ओर रौशन आनंद अब भी जेल में बंद हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि प्रिंस यादव ज्ञान बिंदु एकेडमी के संचालन और प्रशासनिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। वह हाल ही में खान ग्लोबल स्टडी सेंटर पर फायरिंग मामले में नामजद आरोपी भी थे और घटना के बाद से फरार चल रहे थे। इस मामले में खान ग्लोबल के मैनेजमेंट से जुड़े कन्हैया की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस प्रिंस यादव की तलाश कर रही थी, तभी नेपाल में उनकी मौत की खबर सामने आई। नेपाल पुलिस ने संदेह के आधार पर उनके साथ ठहरे चार अन्य लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए बिहार के सहरसा लाया गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और बिहार से लेकर नेपाल तक इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।