पटना के चर्चित कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु GS एकेडमी’ के संचालक रोशन आनंद को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के एक दिन बाद पटना सिविल कोर्ट ने रोशन आनंद को जमानत दे दी। बताया जा रहा है कि जमानत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह सहरसा जाकर अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
रोशन आनंद के वकील रमाकांत शर्मा ने जमानत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि अदालत ने कानूनी प्रक्रिया के तहत राहत दी है। उन्होंने कहा कि मामले में धारा 307 लगाई गई थी, लेकिन पुलिस अपनी कार्रवाई कानून के अनुसार कर रही है। वकील के मुताबिक, शाम तक रोशन आनंद के जेल से बाहर आने की संभावना है।
इधर, रोशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। प्रिंस का शव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल से बरामद हुआ था। उन्हें गंभीर हालत में विराटनगर के न्यूरो हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में नशे के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है।
नेपाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रिंस यादव के साथ मौजूद पांच लोगों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि जिन दो भारतीय युवकों से पूछताछ हो रही है, वे प्रिंस के रिश्तेदार हैं और विराटनगर में ही रहते हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना से पहले होटल में क्या गतिविधियां हुई थीं।
यह मामला इसलिए भी सुर्खियों में है क्योंकि हाल ही में पटना में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु GS एकेडमी के बीच विवाद सामने आया था। 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले के मामले में रोशन आनंद और उनके भाई प्रिंस यादव को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने 3 जून को रोशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
वहीं, खान सर उर्फ फैजल खान की गिरफ्तारी पर अदालत ने फिलहाल 20 जून तक रोक लगा रखी है। इस पूरे विवाद के बीच प्रिंस यादव की नेपाल में हुई मौत ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।
उधर, नेपाल के मोरांग जिले के एसपी और एक स्थानीय पत्रकार के बीच हुई कथित फोन बातचीत का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।