लखनऊ| नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत के साथ उत्तर प्रदेश में विकास का एक नया अध्याय जुड़ गया है। इस ऐतिहासिक मौके पर एक भावुक तस्वीर भी देखने को मिली, जब जेवर क्षेत्र के किसान पहली बार उसी जमीन से बने एयरपोर्ट से हवाई सफर कर लखनऊ पहुंचे, जहां कभी वे खेती किया करते थे। गौतमबुद्ध नगर के जेवर इलाके के करीब 172 किसान और खेतिहर मजदूर इंडिगो एयरलाइंस की विशेष फ्लाइट से लखनऊ पहुंचे। राजधानी पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया और किसानों के योगदान को प्रदेश की प्रगति का आधार बताया।
किसानों ने कहा कि यह उनके जीवन का बेहद भावुक पल है। जिस जमीन को उन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए दिया था, आज उसी धरती से विमान में बैठकर राजधानी पहुंचना गर्व और खुशी का अनुभव है। कई किसानों ने इसे “विकास का सपना सच होने जैसा” बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा में किसानों की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कहा, “अन्नदाता देश और समाज की समृद्धि का आधार हैं। किसानों के त्याग और सहयोग से ही उत्तर प्रदेश नई ऊंचाइयों को छू रहा है।” सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर भी किसानों का अभिनंदन करते हुए सरकार की किसान हितैषी प्रतिबद्धता दोहराई।
जानकारी के मुताबिक, सुबह लखनऊ से रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट 6E-2278 जेवर एयरपोर्ट पहुंची थी। इसके बाद वापसी उड़ान में 172 किसानों को लेकर विमान लखनऊ आया। इस विशेष यात्रा में करीब 20 महिला किसान भी शामिल रहीं। एयरपोर्ट से किसानों को बसों के जरिए मुख्यमंत्री आवास ले जाया गया, जहां सीएम योगी ने उनसे मुलाकात कर बातचीत की। जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इस पूरे आयोजन को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने राष्ट्रहित में अपनी पुश्तैनी जमीन दी, आज वही परिवार उसी स्थान से हवाई यात्रा कर रहे हैं। यह विकास और विश्वास दोनों का प्रतीक है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का रनवे देश के सबसे लंबे रनवे में गिना जा रहा है और इसमें अत्याधुनिक CAT-III लाइटिंग सिस्टम लगाया गया है। बताया जा रहा है कि 1 जुलाई 2026 से यहां से नियमित यात्री उड़ानें शुरू होंगी। प्रदेश सरकार इसे उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ते हवाई नेटवर्क और किसानों के सम्मान से जोड़कर देख रही है। सरकार का कहना है कि विकास की इस यात्रा में किसानों का भरोसा और योगदान सबसे बड़ी ताकत है।