लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर निराश्रित बच्चियों और छात्राओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। पांच कालीदास मार्ग स्थित आवास पर बच्चियों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद सीएम योगी ने उन्हें उपहार और गिफ्ट हैंपर देकर विदा किया। बच्चियों से राखी बंधवाते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उन्होंने बच्चियों से बातचीत की और उन्हें खूब मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। राखी बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी बच्चियों को लिफाफे में उपहार के साथ गिफ्ट हैंपर भी दिया।
बच्चियों के साथ सेल्फी लेकर बिखेरी मुस्कान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर बच्चियों के साथ सेल्फी भी ली। सीएम ने बच्चियों के साथ सहज अंदाज में बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाकर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी। इस दौरान मुख्यमंत्री का बच्चियों के प्रति स्नेह और अपनापन भी देखने को मिला।
‘कर्तव्य और संरक्षण की भावना का पर्व है रक्षाबंधन’
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का उत्सव नहीं, बल्कि कर्तव्य, संरक्षण, स्नेह और विश्वास की भावना का भी पर्व है। सीएम योगी ने कहा कि भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक इस पावन पर्व पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
सनातन विरासत और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व हमें अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इस पवित्र अवसर पर सभी सनातन विरासत को मजबूत करने के साथ पारिवारिक मूल्यों को और सुदृढ़ करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि प्रेम, विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना ही इस पर्व की वास्तविक भावना है।