लखनऊ/गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पूर्वांचल के दौरे पर रहेंगे। वह बलिया में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात को देखेंगे.मुख्यमंत्री के निर्देश पर बांसडीह, बैरिया और सदर तहसील के बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री देवरिया और गोरखपुर में विकास परियोजनाओं का उपहार देंगे।
देवरिया को ₹305 करोड़ की 80 परियोजनाएं
मुख्यमंत्री देवरिया के सलेमपुर और भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्रों में ₹305 करोड़ की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और सहायता राशि भी वितरित की जाएगी।
गोरखपुर को मिलेंगी 170 विकास परियोजनाएं
गोरखपुर में मुख्यमंत्री बशारतपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी नगर निगम की 140 और गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 30 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं की लागत 130.73 करोड़ रुपये है।