नई दिल्ली। दिल्ली में शनिवार को CJP के विरोध-प्रदर्शन के दौरान एक युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रहे चारों लोगों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
वायरल वीडियो का पुलिस ने लिया संज्ञान
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में जारी बयान में बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें चार लोग कथित तौर पर एक महिला के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। कमला मार्केट थाना पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, वीडियो में नजर आ रहे चारों लोगों की पहचान कर उनका पता लगा लिया गया है। मामले में कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान युवती से मारपीट का आरोप
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ युवक-युवतियां प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान चार लोग कथित तौर पर वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट करते नजर आते हैं। वीडियो में एक युवती के साथ भी मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने दिल्ली पुलिस को टैग कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल
घटना के वीडियो को लेकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद संबंधित लोगों को वहां से जाने दिया गया और तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि वह हिंसा की घटनाओं पर उचित कार्रवाई करने और शिकायतों पर त्वरित कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।