लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में मरने वालों की संख्या में बड़ा इजाफा देखने को मिला है। ताजा आंकड़ो के मुताबिक प्रदेश में कोरोना के 34626 नए केस सामने आए हैं।
वहीं 332 लोगों ने इस वायरस की वजह से दम तोड़ दिया। यूपी में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक दिन में तीन सौ से ज्यादा लोगों की जान गई है। इससे पहले गुरुवार को 298 लोगों की कोरोना वायरस से जान गई थी। वहीं कोरोना वायरस के 35156 नए मामलों की पुष्टि हुई थी।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में 32494 लोग वायरस के संक्रमण से मुक्त हुए हैं। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम भी शामिल है। फिलहाल प्रदेश में 3 लाख 10 हजार 783 एक्टिव केस हैं। प्रदेश में बीते 24 घंटे में दो लाख 44 हजार 148 कोविड टेस्ट हुए हैं। इसमें केवल एक लाख 8 हजार आरटीपीसीआर टेस्ट शामिल हैं।