नई दिल्ली: छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर से होने जा रही है. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग शहरों में रहने वाले लोग अपने घरों का रुख कर रहे हैं. ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. कई ट्रेनों में सीटें फुल हैं और जनरल कोच में भी यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भारतीय रेलवे ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं. दक्षिण रेलवे ने तमिलनाडु से बिहार के लिए तीन विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. वहीं, दिल्ली से भी बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं.
चेन्नई से दरभंगा के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
दक्षिण रेलवे के मुताबिक, एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से दरभंगा के बीच विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी. यह ट्रेन चेन्नई सेंट्रल से सुबह 11 बजे रवाना होगी. रास्ते में खड़गपुर, आसनसोल और बरौनी समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के बाद तीसरे दिन दोपहर 1 बजे दरभंगा पहुंचेगी.
वापसी में यह ट्रेन 14 नवंबर को दोपहर 3 बजे दरभंगा से रवाना होगी और सोमवार को दोपहर 3:45 बजे चेन्नई सेंट्रल पहुंचेगी. इस ट्रेन से बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
चेन्नई से बरौनी और पोडानूर से रक्सौल के लिए भी ट्रेन
रेलवे ने एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से बरौनी के बीच भी एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. यह ट्रेन रात 11:50 बजे चेन्नई सेंट्रल से रवाना होगी. खड़गपुर और आसनसोल होते हुए शुक्रवार रात 8 बजे बरौनी पहुंचेगी.
इसके अलावा तमिलनाडु के पश्चिमी हिस्से से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए पोडानूर से रक्सौल के बीच वन-वे स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. यह ट्रेन पोडानूर से रात 8:20 बजे रवाना होगी. रास्ते में कोयंबटूर, तिरुप्पुर, इरोड, कटपाडी, पेरंबूर, संबलपुर, धनबाद और बरौनी होते हुए शनिवार दोपहर 12 बजे रक्सौल पहुंचेगी.
दिल्ली से आज 31 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
छठ के दौरान बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था की है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, आज दिल्ली से कुल 31 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं.
इनमें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 10, आनंद विहार से 8, शकूरबस्ती से 7, हजरत निजामुद्दीन से 4, दिल्ली जंक्शन से 1 और रोहतक से 1 ट्रेन शामिल है. रेलवे का कहना है कि यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रखी जा रही है. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं.
12 नवंबर को 29 स्पेशल ट्रेनों का संचालन
रेलवे की योजना के मुताबिक, 12 नवंबर को दिल्ली से 29 विशेष ट्रेनें चलाने की तैयारी है. इनमें नई दिल्ली से 7, आनंद विहार से 7, शकूरबस्ती से 5, हजरत निजामुद्दीन से 5, दिल्ली जंक्शन से 3, रोहतक से 1 और दिल्ली सराय रोहिल्ला से 1 ट्रेन शामिल होगी.
उत्तर रेलवे के अनुसार, 10 नवंबर को निर्धारित 27 स्पेशल ट्रेनों के अलावा यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए तीन और विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं. दिल्ली मंडल के DRM, ADRM और अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्टेशनों पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं. यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का भी विकल्प रखा गया है.
स्पेशल ट्रेनों में कई श्रेणियों के कोच
रेलवे ने यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणियों के कोच लगाए हैं. इनमें AC थर्ड टियर, AC सेकंड टियर, AC इकोनॉमी, स्लीपर, जनरल सेकंड क्लास और चेयर कार के कोच शामिल हैं. दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष कोच की व्यवस्था भी की गई है.
छठ पर घर लौटते हैं लाखों श्रद्धालु
छठ महापर्व बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में विशेष आस्था के साथ मनाया जाता है. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती सूर्य देव और छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं. यही वजह है कि त्योहार से पहले दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और देश के दूसरे बड़े शहरों में काम करने वाले लाखों लोग अपने घर पहुंचने की तैयारी करते हैं.