नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान पर आज कांग्रेस की हल्लाबोल रैली में राहुल गांधी की जुबान क्या फिसली कि वो जमकर ट्रोल होने लगे। भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि दूध, आटा, गैस सिलेंडर, सरसों के तेल और पेट्रोल डीजल की कीमत कई गुना बढ़ गई। इस दौरान आटा को लेकर उनकी जुबान ऐसी फिसली कि वे जमकर ट्रोल हो गए। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है।
दरअसल, राहुल गांधी आटे के कुछ साल पुराने दाम और आज के दाम की तुलना कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने किलो की बजाय लीटर बोल दिया। उन्होंने कहा कि पहले आटा 22 रुपये लीटर था और आज 40 रुपये लीटर बिक रहा है। बस देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर वे जमकर ट्रोल हो गए।
वायरल वीडियो
जिसको आटा चाहिए वो 40 रुपये लाएं और लीटर के हिसाब से बोतल में ले जायें 🤣
—प्रसिद्ध हास्य कलाकार @RahulGandhi pic.twitter.com/5BC0UBXHMk
— Neetu Dabas 🇮🇳 (@INeetuDabas) September 4, 2022
इस वीडियो को कई यूजर्स ने शेयर किया है। यहां तक कि कुछ भाजपा नेताओं से भी इसे पोस्ट करते हुए राहुल गांधी को घेरने की कोशिश की है। सोशल मीडिया पर तमाम यूजर्स इस पर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
असलियत में मामला यह था कि स्पीच के दौरान राहुल गांधी की जुबान फिसल गई थी। इसके चलते वह किलो की जगह लीटर बोल गए। बाद में इसका पूरा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी गलती सुधारी है। हालांकि सोशल मीडिया पर सिर्फ एक हिस्से को वायरल कर राहुल गांधी की चुटकी ली जा रही है।
बता दें कि रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ ‘हल्लाबोल रैली’ की। इस मौके पर कांग्रेस के लगभग सभी वरिष्ठ नेता रामलीला मैदान में पहुंचे थे। इस रैली में एक बार फिर से राहुल गांधी को बड़े चेहरे के तौर पर पेश किया गया।