कोलकाता: पश्चिम बंगाल की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, वरिष्ठ भाजपा नेता Suvendu Adhikari को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने की पूरी तैयारी है। जानकारी के अनुसार, इस पर अंतिम मुहर कल होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक में लग सकती है। सूत्र बताते हैं कि नव-निर्वाचित विधायकों की बैठक में अधिकारी को औपचारिक रूप से विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो जाएगा। पार्टी के अंदर उन्हें सर्वसम्मत विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।
हाल ही में आए West Bengal Assembly Election 2026 के नतीजों ने राज्य की राजनीति की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृणमूल कांग्रेस के लंबे शासन को खत्म कर दिया है। इस चुनाव में सबसे बड़ा झटका मुख्यमंत्री Mamata Banerjee को लगा, जिन्हें भवानीपुर सीट से हार का सामना करना पड़ा। भवानीपुर सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा, जहां सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को कड़े मुकाबले में हराया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट हासिल हुए। इस तरह अधिकारी ने 15 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
गौरतलब है कि सुवेंदु अधिकारी पहले भी नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को मात दे चुके हैं। इस बार की जीत ने उन्हें राज्य की राजनीति में और मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है। अब सबकी नजरें कल होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक पर टिकी हैं, जहां औपचारिक तौर पर नेता का चयन किया जाएगा और बंगाल को नया मुख्यमंत्री मिलने की दिशा तय होगी।