लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि विभाग में नवनियुक्त 3,446 टेक्निकल असिस्टेंट और 126 मार्केट सेक्रेटरी को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और अपराध के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का जिक्र करते हुए अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की स्थिति आज जैसी नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि अब किसान के खेत से मोटर चोरी करने की हिम्मत कोई नहीं करता। मुख्यमंत्री ने कहा, “आज यूपी के अन्नदाता किसान के खेत से कोई मोटर चोरी करके नहीं ले जाता है। उसको मालूम है कि कोई चोरी करेगा तो अगले दिन लंगड़ा जरूर हो जाएगा।”
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए योगी ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले सरकार के संरक्षण में चोरी होती थी। उन्होंने कहा कि उस समय चोरी करवाने वाले कोई और नहीं, बल्कि सत्ता में बैठे लोग ही थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पहले दिन से ही अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि नकल माफिया और विभिन्न संस्थानों में बैठे माफिया के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी। सरकार ने बड़े पैमाने पर माफिया की संपत्तियां जब्त की हैं और उनसे वसूली भी कराई गई है।
कृषि विकास दर 8 से बढ़कर 18 प्रतिशत हुई
कृषि क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले अलग-अलग चीनी मिलों पर गन्ना किसानों का वर्षों से भुगतान बकाया रहता था। उन्होंने आरोप लगाया कि 2007 से 2017 के बीच तत्कालीन सपा और बसपा सरकारों ने 29 चीनी मिलें बंद कीं और 21 मिलों को औने-पौने दाम में बेच दिया। योगी ने गोरखपुर मंडल की एक चीनी मिल का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस मिल का स्क्रैप ही करीब 10 करोड़ रुपये का था, उसे महज 3 करोड़ रुपये में बेच दिया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार में अब 122 चीनी मिलें संचालित हो रही हैं। गन्ना किसानों को अब तक 3.25 लाख करोड़ रुपये सीधे डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजे जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश ने कृषि विकास दर को 8 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत करने में सफलता हासिल की है।
14 दिन में यूपी बोर्ड परीक्षा, अगले 14 दिन में परिणाम
मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब यूपी बोर्ड की परीक्षाएं महज 14 दिनों में पूरी हो रही हैं और इसके अगले 14 दिनों में परीक्षा परिणाम भी घोषित किए जा रहे हैं। योगी ने कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं को एक महीने से भी कम समय में अपना परिणाम मिल जाता है और वे देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में समय पर प्रवेश ले सकते हैं।