खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का मुख्यमंत्री ने किया आह्वान। सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बिहार आये हुये विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने का मुख्यमंत्री ने दिया निर्देश। राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से उन्हें परिचित कराया जाय।
राज्य में 20 नये खेल कॉम्प्लेक्स बनाये जा रहे हैं ताकि राज्य के खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधाएँ मिले, साथ ही बिहार राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरे।
पटना। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज पाटलिपुत्र खेल परिसर, पटना में आयोजित 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता (52nd Junior National Kabaddi Championship Boys) 2026 का दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया। राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 1 से 4 नवम्बर तक किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में भाग लेने बिहार आए विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों से मुलाकात की, उनका परिचय जाना और उन्हें सफल होने की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की धरती पर राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का बिहार में हार्दिक स्वागत है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कबड्डी भारत की पारंपरिक और लोकप्रिय खेल विधाओं में से एक है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में बड़ी संख्या में पदक हासिल करते हैं।
बिहार के खिलाड़ियों को भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अधिक से अधिक पदक जीतने का लक्ष्य रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पाटलिपुत्र की यह ऐतिहासिक धरती लगभग दो हजार वर्ष पूर्व भी गौरवशाली रही है। बिहार की ऐतिहासिक विरासत और गौरव को फिर से स्थापित करने के लिए हमें मिलकर काम करना है। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि बिहार में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बिहार में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएँ उपलब्ध करायी जा रही हैं। बिहार के खिलाड़ी भी विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। बिहार बदल रहा है। बिहार भारत के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतियोगिता में भाग लेने आए विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों को बिहार के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाए। राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से उन्हें परिचित कराया जाय। उन्होंने कहा कि यहां आने वाली सभी टीमें बिहार की ब्रांड एंबेसडर हैं। वे यहां से अपने साथ बिहार की सकारात्मक छवि और यहां के आतिथ्य का अनुभव लेकर जाएँ। बिहार में खेलों के विकास के लिए खेल अवसंरचनायें विकसित की जा रही हैं। 20 नये खेल कॉम्प्लेक्स बनाये जा रहे हैं, इससे राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी और बिहार राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कबड्डी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं उपलब्धियों के लिए श्री बलवान सिंह तथा कॉमनवेल्थ पदक विजेता श्री अर्जुन देशवाल को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान बिहार राज्य कबड्डी संघ के मुख्य संरक्षक श्री अंजनी कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को अंग वस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री को सम्मान स्वरूप गदा भेंट किया गया।
इस अवसर पर हरियाणा सरकार के मंत्री श्री किशन लाल पंवार, बिहार सरकार के खेल एवं उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर बिहार राज्य कबड्डी संघ के मुख्य संरक्षक श्री अंजनी कुमार सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री रविन्द्रण शंकरण, खेल विभाग के सचिव श्री दीपक आनंद, जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, खेल पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी उपस्थित थे।