गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र में विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने रेल उपरिगामी सेतु (फ्लाईओवर) समेत कुल 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। साथ ही चक्रवात, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए बड़े राहत पैकेज का ऐलान किया।
सीएम योगी ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार नया पैकेज लेकर आएगी। उन्होंने पहले दिए गए मुआवजे को नाकाफी बताते हुए अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर किसानों को जल्द राहत देने के निर्देश दिए।
सपा पर सीएम योगी का तीखा हमला
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा ने अपनी चार बार की सरकार में प्रदेश में 1,500 दंगे करवाए। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में अपराधियों और गुंडों का बोलबाला था, जिससे व्यापारियों और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में रहती थी।
सीएम योगी ने कहा, “समाजवादी पार्टी की उपलब्धि यह है कि उसने अपनी चार बार की सरकार में प्रदेश में 1,500 दंगे करवाए। सपा ने 10 लाख गुंडे पाले थे, जो हर जिले में लूटपाट करते थे और बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा थे।”
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने 10 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर अराजकता फैलाने और केंद्र सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का आरोप भी लगाया। महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि बेटियों से छेड़छाड़ या व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को जेल भेजा जाएगा।
चौरी-चौरा के इतिहास का किया जिक्र, नेहरू पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में चौरी-चौरा कांड के ऐतिहासिक महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने रामधारी सिंह दिनकर की पंक्ति ‘अंधा चकाचौंध का मारा, क्या जाने इतिहास बेचारा?’ का उल्लेख करते हुए कांग्रेस और पंडित जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि 4 फरवरी 1922 को हुए चौरी-चौरा कांड के बाद अंग्रेजों ने 172 देशभक्तों को फांसी की सजा सुनाई थी। उस समय पंडित मदन मोहन मालवीय ने क्रांतिकारियों का कानूनी पक्ष मजबूती से रखा और 151 लोगों को फांसी से बचाने में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि इतिहास के इन महत्वपूर्ण प्रसंगों को याद रखना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी याद किया।
भोपा बाजार फ्लाईओवर का सपना हुआ पूरा
विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने भोपा बाजार में बने फ्लाईओवर को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन के कारण यह इलाका दो हिस्सों में बंटा हुआ था और लोगों को लंबे समय तक जाम की समस्या से जूझना पड़ता था। सीएम योगी ने बताया कि 4 फरवरी 2022 को चौरी-चौरा दौरे के दौरान स्थानीय सांसद कमलेश पासवान ने यहां फ्लाईओवर बनाने का सुझाव दिया था। उस समय यह केवल एक प्रस्ताव था, लेकिन आज यह परियोजना पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
किसानों के लिए जल्द आएगा नया राहत पैकेज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चक्रवात, अत्यधिक बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की फसल को हुए नुकसान की भरपाई करेगी और इसके लिए जल्द नया राहत पैकेज लाया जाएगा। सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का सर्वे जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नुकसान का आकलन कर किसानों को तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दिया गया मुआवजा किसानों के नुकसान के मुकाबले पर्याप्त नहीं है। ऐसे में सरकार नए पैकेज के जरिए किसानों को अतिरिक्त राहत देने की तैयारी कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि डबल इंजन की सरकार संकट की इस घड़ी में अन्नदाता किसानों के साथ खड़ी है और प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।