छत्तीसगढ़ सरकार ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 42 IAS और 1 IFS अधिकारी का तबादला कर दिया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में सात जिलों के कलेक्टरों को भी बदला गया है। सरकार ने बीजापुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति की है।
इन जिलों में बदले गए कलेक्टर
कोरिया की कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी को बलरामपुर-रामानुजगंज का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, स्थानीय निधि संपरीक्षा की संचालक पुष्पा साहू अब कोरिया की जिम्मेदारी संभालेंगी। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की कलेक्टर लीना कमलेश मण्डावी को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड भेजा गया है। उनकी जगह संतोष कुमार देवांगन को जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। सूरजपुर में एस. जयवर्धन की जगह रेना जमील को नया कलेक्टर बनाया गया है। जयवर्धन को संचालक, कोष एवं लेखा की जिम्मेदारी दी गई है।
बीजापुर के कलेक्टर संबित मिश्रा को रायपुर नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। वहीं रायपुर नगर निगम के आयुक्त विश्वदीप अब बीजापुर के नए कलेक्टर होंगे। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में डी. राहुल वेंकट की जगह संतन देवी जांगड़े को कलेक्टर नियुक्त किया गया है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में डॉ. संजय कन्नौजे के स्थान पर पद्मिनी भोई साहू को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
1994 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी मनोज कुमार पिंगुआ को गृह एवं जेल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद से हटाकर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। 2016 बैच के IFS अधिकारी मयंक अग्रवाल को CHiPS के मुख्य परिचालन अधिकारी से पदोन्नत कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बनाया गया है। वहीं, डी. राहुल वेंकट को आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।