फिरोजाबाद| उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मटसेना थाना क्षेत्र में एक प्राइवेट स्लीपर बस टैंकर से जा भिड़ी, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। हादसे में बस चालक और कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बस कानपुर से गुरुग्राम की ओर जा रही थी। हादसा एक्सप्रेसवे पर खंभा नंबर 46 किलोमीटर के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में अचानक आग भड़क उठी और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को सैफई मेडिकल कॉलेज और मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद रेफर किया गया है।
नगर मजिस्ट्रेट Vinod Kumar Pandey ने बताया कि हादसे में 15 से 20 लोग घायल हुए हैं। कुछ घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का इलाज शिकोहाबाद और सैफई के अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर की जान चली गई है।
वहीं शिकोहाबाद सरकारी अस्पताल के डॉक्टर Piyush Gangwar ने बताया कि हादसे में घायल कई यात्रियों को अस्पताल लाया गया है और उनका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।