भारत सरकार ने Meta को Instagram पर कथित तौर पर बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार सामग्री (CSEAM) से जुड़े पेड विज्ञापनों को लेकर नोटिस जारी किया है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने कंपनी से 7 दिनों के भीतर विस्तृत जवाब मांगा है। Ministry of Electronics and Information Technology ने इंस्टाग्राम को निर्देश दिया है कि CSEAM से जुड़े सभी विज्ञापनों और ऐसे कंटेंट को तुरंत हटाया या निष्क्रिय किया जाए, जो इस तरह की सामग्री तक पहुंच को बढ़ावा देते हैं या उसे आसान बनाते हैं।
सरकार का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस तरह की सामग्री गंभीर चिंता का विषय है। भारत समेत दुनिया भर में इंस्टाग्राम का बड़ा यूजर बेस है, खासकर युवाओं के बीच यह प्लेटफॉर्म काफी लोकप्रिय है। ऐसे में विज्ञापन और प्रमोशनल कंटेंट की निगरानी को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है।
इससे पहले भी मेटा को WhatsApp के यूजरनेम फीचर को लेकर नोटिस जारी किया गया था। सरकार ने आशंका जताई थी कि इस फीचर का फायदा साइबर ठग उठा सकते हैं। हालांकि कंपनी ने स्पष्ट किया था कि यूजरनेम फीचर अभी टेस्टिंग चरण में है और इसे साल के अंत तक लॉन्च करने की योजना है। वॉट्सऐप के प्रस्तावित यूजरनेम फीचर के जरिए यूजर्स अपने मोबाइल नंबर को छिपा सकेंगे। फिलहाल किसी भी व्हॉट्सऐप नंबर से यह आसानी से पता लगाया जा सकता है कि नंबर भारतीय है या विदेशी, लेकिन यूजरनेम फीचर आने के बाद नंबर की पहचान करना मुश्किल हो सकता है।