लखनऊ। फिल्म एवं मीडिया जगत में लंबे समय से सक्रिय वरिष्ठ फिल्म प्रमोशन विशेषज्ञ, पूर्व उप निदेशक फिल्म बंधु उत्तर प्रदेश सरकार तथा इंडियन फिल्म्स अकादमी के सह-संस्थापक दिनेश कुमार सहगल को Punjab Chamber of Commerce and Industry द्वारा उत्तर प्रदेश स्टेट काउंसिल की फिल्म उद्योग, मनोरंजन एवं मीडिया समिति एवं निवेश समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। फिल्म नीति, शूटिंग प्रबंधन, मीडिया समन्वय और मनोरंजन उद्योग में विशेष अनुभव रखने वाले दिनेश कुमार सहगल लंबे समय से उत्तर प्रदेश में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहे हैं। उनकी नियुक्ति को प्रदेश के फिल्म और मीडिया सेक्टर के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पीसीसीआई के कार्यकारी निदेशक आर.के. शरण ने कहा कि दिनेश कुमार सहगल के नेतृत्व में फिल्म और मनोरंजन उद्योग के विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही निवेश को बढ़ावा देने, सरकारी विभागों, उद्योगों और निवेशकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा हितधारकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए विशेष पहल की जाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सहगल के अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा और फिल्म एवं मीडिया क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी। नवनियुक्त चेयरमैन दिनेश कुमार सहगल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता विभिन्न क्षेत्रों के बीच समन्वय स्थापित करना, संवाद और नवाचार को बढ़ावा देना तथा फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग के सतत विकास के लिए मजबूत मंच तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी को मजबूत करने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में फिल्म, मीडिया और एंटरटेनमेंट क्षेत्र की प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।