लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने अपनी भारी-भरकम 182 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी घोषित कर दी है। पूर्व मंत्री अताउर्रहमान समेत 3 महासचिव और अब्दुल्ला आजम समेत 61 सचिव बनाए गए हैं। पार्टी का सितंबर, 2022 में राष्ट्रीय सम्मेलन हुआ था और कार्यकर्ता तभी से प्रदेश कार्यकारिणी घोषित होने का इंतजार कर रहे थे।
राष्ट्रीय सम्मेलन में ही MLC नरेश उत्तम पटेल को प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया था। अब प्रदेश कार्यकारिणी में राजकुमार मिश्रा को कोषाध्यक्ष, मो. इरफानुल हक, सीएल वर्मा, श्याम लाल पाल और राजेंद्र एस बिंद को उपाध्यक्ष नामित किया गया है।
पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय, विधायक व पूर्व मंत्री अताउर्रहमान और अनीसुर्ररहमान को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। राज्य कार्यकारिणी में 48 सदस्य और 62 विशेष आमंत्रित सदस्य भी नामित किए गए हैं।
सपा की प्रदेश कार्यकारिणी में पीडीए का दबदबा
सपा की प्रदेश कार्यकारिणी में PDA (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) का दबदबा दिखा। 24 मुसलमान, 17 दलित और 11 यादवों को जगह मिली है। इस गणना में 63 विशेष आमंत्रित सदस्यों को शामिल नहीं किया गया है।
इस तरह से अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और सदस्यों की संख्या 119 है। इनमें 8 ब्राह्मण, 45 गैर यादव ओबीसी और 14 वैश्य, कायस्थ, जैन, सिख और ईसाई समुदाय से हैं। इसके अलावा कई विधायकों और पूर्व विधायकों को भी कार्यकारिणी में जगह दी गई है। विधायकों में डॉ. आरके वर्मा, नफीस अहमद और डॉ. रागिनी सोनकर प्रमुख हैं।