हांगझोऊ। चीन के हांगझोऊ में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2023 में क्रिकेट का गोल्ड मेडल भारत ने जीत लिया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच पुरुष क्रिकेट का फाइनल मुकाबला बारिश के कारण रद्द कर दिया गया।
भारत की अफगानिस्तान से शीर्ष वरीयता थी, जिसके कारण उसे विजेता घोषित किया गया। बारिश आने से पहले अफगानिस्तान ने 18.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 112 रन बना लिए थे। भारत के खाते में 27वां गोल्ड मेडल आया। भारत के कुल मेडल की संख्या 102 हुई।
इससे पहले भारतीय टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने गोल्ड मेडल मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।
भारत और अफगानिस्तान दोनों मौजूदा टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए फाइनल में पहुंचे। रुतुराज गायकवाड़ के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने अपने पहले मैच नेपाल को 23 रन से मात दी। इसके बाद टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 9 विकेट से पटखनी दी और फाइनल में जगह पक्की की।
वहीं गुलबदीन नईब के नेतृत्व वाली अफगानिस्तान का मौजूदा टूर्नामेंट में प्रदर्शन शानदार रहा है। अफगानिस्तान ने अपने पहले मैच में श्रीलंका को 8 विकेट से मात दी। इसके बाद अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
कबड्डी में भी गोल्ड
क्रिकेट के बाद कबड्डी में भी भारतीय पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारत ने विवादों से भरे फाइनल मैच में ईरान को हराया है।
सात्विक-चिराग ने जीता स्वर्ण
बैडमिंटन के पुरुष युगल में सात्विक-चिराग की जोड़ी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। भारत ने पहली बार एशियाई खेलों में बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीता है। इस जोड़ी ने पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। अब एशियाई खेलों में भी इन दोनों ने इतिहास रच दिया है।