लखनऊ। लखनऊ के गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में एडिशनल एसपी श्वेता श्रीवास्तव के बेटे पर गाड़ी चढ़ाने वाला अभियुक्त गाड़ी समेत गिरफ़्तार कर लिया गया है. आरोपी SUV चालक सार्थक सिंह को शहर के इंदिरानगर क्षेत्र से पुलिस ने हिरासत में लिया। मामले में परिजनों ने गैर इरादतन हत्या की FIR दर्ज कराई है। आरोपी सार्थक एमिटी यूनिवर्सिटी का छात्र है। पुलिस ने घटना में शामिल कार भी बरामद कर ली है।
गौरतलब है कि उप्र की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर विस्तार में स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क के बाहर आज मंगलवार सुबह स्केटिंग करते वक्त एडीशनल एसपी श्वेता श्रीवास्तव के इकलौते बेटे आठ वर्षीय नामिश को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। साथ मे मौजूद व्यक्ति ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान नामिश ने दम तोड़ दिया।
एडीसीपी अली अब्बास ने बताया था कि स्केटिंग करने के दौरान हादसा हुआ है। आस पास लगे सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सफेद रंग कार दिखी है। उसकी तलाश में टीम को लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक नामिश पर्सनल कोच के साथ रोजाना स्केटिंग करने जाता था। आज सुबह जनेश्वर पार्क स्थित स्केटिंग कोर्ट पर प्रेक्टिस के लिया गया था। वापस आते समय पिपराधाट रोड जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने यह दुर्घटना हुई। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे का खून से लथपथ शव देख मां बदहवास हो गई।