उत्तर प्रदेश
जब सत्ता में थे तब कुछ किया नहीं, अब विपक्ष में बैठकर खुल गए हैं ज्ञान चक्षु : एके शर्मा
![](https://aajkikhabar.com/wp-content/uploads/2024/07/bjp-aks.webp)
लखनऊ,। उत्तर प्रदेश में विधानसभा सत्र के दौरान सोमवार को विपक्ष ने सरकार को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की, मगर जो जवाब मिला उसके बाद विपक्ष चारों खाने चित हो गया। विधानसभा में विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने योगी सरकार की उपलब्धियां तो गिनाई ही, साथ ही विपक्ष पर भी प्रहार किया। उन्होंने कहा कि 70 साल तक जब सपा-कांग्रेस सत्ता में रही तब तो आपको चिंता नहीं हुई, अब विपक्ष में बैठकर आपके ज्ञान चक्षु खुल गए। पिछली सरकारों में हुई हाई कॉस्ट पीपीए भी प्रदेश पर अतिरिक्त भार का एक कारण हैं। उन्होंने, आगे कहा कि इस बबूल को काटने का प्रयास हम कर रहे हैं। इसके साथ ही, बलिया में पैसे लेकर कार्य करने वालों को सस्पेंड करने का जिक्र करते हुए सपा नेताओं पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि इस राज्य में जो बिजली की समस्या है, उसके ऐतिहासिक कारण भी हैं। एक ऐतिहासिक कारण तो ये भी है कि पिछली सरकारों ने ठीक काम नहीं किया, जो किया भी उसमें गुणवत्ता का पालन नहीं किया गया।
पूरे देश में सबसे ज्यादा हो रही उत्तर प्रदेश में विद्युत आपूर्ति
एके शर्मा ने विधान सभा में जवाब देते हुए कहा कि बिजली विभाग के कर्मचारी माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देश में दिन रात मेहनत करके प्रदेश में लगातार उत्तम सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। पूरे देश में सबसे ज्यादा विद्युत आपूर्ति उत्तर प्रदेश में हो रही है। 30,618 मेगावॉट की बिजली की आपूर्ति उत्तर प्रदेश में हो रही है। भारत के इतिहास में किसी भी राज्य में पहले कभी भी इतनी बड़ी आपूर्ति नहीं हुई। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि सपा सरकार के समय से ढाई गुना ज्यादा बिजली हम दे रहे हैं। वर्ष 2013-14 का मैक्सिमम लोड था 12,327 मेगावॉट। अब इसकी हमारे कार्यकाल से तुलना करें तो साफ देख सकते हैं कि ढाई गुना से ज्यादा यानी 30,618 मेगावॉट की आपूर्ति योगी सरकार में हो रही है। 2013-14 में 81,598 मिलियन यूनिट की सप्लाई की गई थी। जबकी, योगी सरकार ने वर्ष 2023-24 में 1,47,701 मिलियन यूनिट यानी दोगुनी बिजली सप्लाई की है।
विपक्ष ने किसानों को हाशिए पर छोड़ा, योगी सरकार दे रही लाभ
एके शर्मा ने कहा कि सपा सरकार के समय जिन लोगों तक बिजली पहुंचाने का कार्य नहीं हुआ था, वह भी योगी जी के नेतृत्व में लाभान्वित हो रहे हैं। ऐसे डेढ़ लाख मजरे जिनकी तरफ सपा सरकार ने देखा ही नहीं था, इनमें से 1.21 लाख मजरे वर्ष 2017 के बाद विद्युतीकृत हुए हैं। उत्तर प्रदेश अब देश में किसानों को सबसे ज्यादा बिजली देने वाला प्रदेश बन चुका है। हमने इस साल भारत सरकार से गुजारिश करके 19,503 मजरों के लिए 917 करोड़ रुपए की योजना मंजूर करवाई है और जल्द ही यहां भी हम बिजली देने का कार्य करने जा रहे हैं। विपक्ष किसानों को लेकर बड़ी बड़ी बातें करता है, मगर हमारी सरकार में किसानों के बिजली का बिल माफ कर दिया गया है। विपक्ष ने वर्ष 2012-13 में किसानों को कुल 25 हजार कनेक्शन (25,112) दिए थे, 2013-14 में 18 हजार, 2014-15 में 34 हजार व 2015-16 में 29 हजार कनेक्शन दिए गए। वहीं, हमने 2022-23 में 70,545 तथा 2023-24 में 63 हजार कनेक्शन दिए हैं। फसलों की सिंचाई के लिए मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार, 10 घंटे की छूट को बढ़ाकर हमारे कार्यकाल में 12 घंटे कर दिया गया है।
पिछली सरकारों ने नहीं किया इन्फ्रास्ट्रक्चर में इनवेस्ट
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि विपक्ष ने प्रक्रियाओं को सही ढंग से पूरा किया होता तो ऐसी दिक्कतें न होतीं। आपने इनफ्रास्ट्रक्चर में इनवेस्ट नहीं किया था इसलिए यह स्थिति बनी है। 2017-18 में 33/11 केवी के 4,092 उपकेंद्र थे, आज 4507 हैं। 765 केवी का जो सबसे बड़ा ट्रांसमिशन का सबस्टेशन होता है वह प्रदेश में 65-70 साल में केवल 4 थे। इनकी संख्या डबल करते हुए 7 कर दिया गया है। 400 केवी के ट्रांमिशन 2017-18 में 14 थे, जिसे अब बढ़ाकर 29 कर दिया गया है। 2017-18 में 20 केवी के ट्रांसमिशन 72 थे जिसे बढ़ाकर 166 कर दिया गया है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हमने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में एनटीपीसी के साथ 800 मेगावॉट की 2 यूनिट स्थापित करने का एमओयू किया था, इस पर काम शुरू कर दिया गया है।
राज्य में बढ़ेगा प्रोडक्शन, सभी ऊर्जा माध्यमों की बढ़ेगी कैपेसिटी
एके शर्मा ने बताया कि अनपरा में 800 मेगावॉट की दो यूनिट लगाने का एमओयू हो गया है तथा धरातल पर काम होना शुरू हो गया है। 3 यूनिट के जरिए 1800 मेगावॉट प्रोडक्शन की ओर भी हम तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। हमने बाहर से और बिजली लेने के लिए भी तथा कोयले की खदानों का उपयोग करते हुए 1600 मेगावॉट के नए पावरप्लांट लगाने की निविदा जारी कर दी है। हम अपनी थर्मल एनर्जी कैपेसिटी को दोगुना बढ़ाने पर फोकस कर रहे हैं। सोलर ऊर्जा पर भी फोकस करके प्रदेश में हम यह कैपेसिटी बढ़ा रहे हैं। सोलर में हम 5000 की कैपेसिटी एड करने वाले हैं, पंप स्टोरेज में हम 2500 मेगावॉट व थर्मल में 10,600 मेगावॉट की कैपेसिटी बढ़ाने पर फोकस कर रहे हैं। वर्तमान क्षमता से 5 गुना ज्यादा क्षमता हम अगले 10 वर्षों में विकसित करने जा रहे हैं।
30 हजार से ज्यादा नए ट्रांसफॉर्मर्स और 21 लाख बिजली के पोल लगाए
ट्रांसफॉर्मर्स के बारे में विधान सभा में पूछे गये प्रश्न का जवाब देते हुए एके शर्मा ने कहा कि अनुरक्षण के कारण ट्रांसफॉर्मर गलने की स्थिति में भारी कमी आई है। हमने केवल 2 साल में 30 हजार से ज्यादा नए ट्रांसफॉर्मर व 40 हजार ट्रांस्फॉर्मर को उच्चीकृत किया है। 3511 नए विद्युत परिवर्तकों का कार्य हुआ है। इसके साथ ही प्रदेश में 21,43,981 बिजली के पोल लगाए गए हैं और इन पर तारों के उच्चीकरण की प्रक्रिया भी जारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही हुई तो कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इस समय प्रदेश में 13-14 हजार करोड़ रुपए की परियोजना पर कार्य चल रहे हैं। इस साल का भी हमने 50 हजार करोड़ का बिजनेस प्लान सैंक्शन कर दिया है। उन्होंने कहा कि नगर विकास विभाग के बजट से बिजली विभाग के लिए एक हजार करोड़ रुपए दिया है।
उत्तर प्रदेश
सीएम योगी ने कुम्भ की आस्था और जलवायु परिवर्तन से संबंधित जलवायु सम्मेलन का किया शुभारंभ
![](https://aajkikhabar.com/wp-content/uploads/2025/02/WhatsApp-Image-2025-02-16-at-16.04.08-scaled.jpeg)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रयागराज महाकुम्भ में कुम्भ की आस्था और जलवायु परिवर्तन विषयक जलवायु सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मनुष्य ही केवल इस सृष्टि का एकमात्र जीव नहीं है। जीव जंतुओं का जीवन चक्र मनुष्य के साथ और मनुष्य का जीवन चक्र उनके साथ जुड़ा हुआ है। उनका अस्तित्व रहेगा तो हमारा भी अस्तित्व रहेगा और यदि उन पर संकट आएगा तो हमारे अस्तित्व पर भी संकट आएगा। उन्होंने कहा कि हम प्रलय की प्रतीक्षा ना करें, बल्कि अभी से धरती को हरा भरा बनाएं। कुम्भ का भी यही संदेश है। हम सबको आस्था के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन के कारकों पर भी विचार करते हुए उसके निवारण का उपाय करना होगा। उन्होंने कहा कि जीव सृष्टि और जंतु सृष्टि के संरक्षण के साथ ही मानव सृष्टि की सुरक्षा और संरक्षण हो पाएगा। इस दौरान सीएम योगी ने दिल्ली में हुई घटना पर अफसोस जताते हुए सभी पुण्य आत्माओं के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
श्रद्धालु पार्किंग में खड़े करें वाहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के परिप्रेक्ष्य में जब जलवायु परिवर्तन की बात करते हैं तो एक-दूसरे पर दोषारोपण होने लगता है। यही स्थिति महाकुम्भ में भी देखने को मिल रही है. एरियल सर्वे में देख रहा था कि पार्किंग की जगह खाली है, लेकिन हर व्यक्ति सड़क पर अपनी गाड़ी खड़ी करके संगम स्नान को जा रहा है। अगर वही व्यक्ति पार्किंग के स्थान पर अपना वाहन पार्क करे तो हो सकता है कि उसे 100 मीटर ज्यादा पैदल चलना पड़े, लेकिन सड़क पर कहीं जाम नहीं होगा और आसानी से वह संगम में स्नान कर सकेगा। उन्होंने कहा कि इस जलवायु परिवर्तन से बचने के लिए हम सब कहां भागीदार हैं, इसके बारे में चिंतन करना और उसे अपने व्यवहारिक जीवन में उतारना, यह सचमुच महाकुम्भ का हिस्सा बनना चाहिए। इसे हर किसी को अपने जीवन में उतारना चाहिए।
जलवायु परिवर्तन के कारण सूख रहीं नदियां
सीएम योगी ने कहा कि 13 जनवरी से लेकर 16 फरवरी के बीच 52 करोड़ श्रद्धालु मां गंगा, यमुना और मां सरस्वती की इस पावन त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। 52 करोड़ लोग तब यहां डुबकी लगा पा रहे हैं, जब मां गंगा, यमुना और मां सरस्वती की कृपा से यहां अविरल जल उन्हें मिल पा रहा है। जो भी यहां डुबकी लगा रहा है उसे आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव मिल रहा है। इस अनुभव को जब वह अपने गांव में और आसपास के क्षेत्र में साझा कर रहा है, तभी वहां से बड़े पैमाने पर श्रद्धालु यहां आकर इस पूरे आयोजन को सफलता की नई ऊंचाई तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सबको सोचना होगा की कार्बन उत्सर्जन और पर्यावरण के प्रदूषण का कारण जलवायु परिवर्तन है। जलवायु परिवर्तन का ही कारण है कि धरती माता की धमनियों के रूप में जिन नदियों को अविरल बहना चाहिए था वह सूखती जा रही हैं। अनुमान कीजिए, अगर शरीर की रक्त धमनियां सूख गई तो शरीर की स्थिति क्या होगी। अगर धरती माता की धमनियां सूख गईं या प्रदूषित हो गई तो जिन धमनियों से रक्त का प्रवाह होना चाहिए उसकी क्या स्थिति होगी।
मर चुकी नदियों को पुनर्जीवित किया जा रहा
सीएम योगी ने कहा कि धरती माता के साथ खिलवाड़ न हो, इसको ध्यान में रखते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक को प्रतिबंधित किया गया है। उत्तर प्रदेश में पिछले 8 वर्षों के अंदर हमारी सरकार ने 210 करोड़ वृक्षारोपण किया है। वन विभाग के द्वारा जो वृक्ष लगाए गए हैं उसमें 70 से लेकर 80 फीसदी पौधे सुरक्षित हैं। वहीं विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से जो वृक्षारोपण हुआ है उसमें भी 60 से 70 फीसदी पौधे सुरक्षित हैं। डीजल से चलने वाली बसों के स्थान पर इलेक्ट्रिक बसों को प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए पॉलिसी बनाई और अनेक कार्यक्रम बढ़ाए गए हैं। मर चुकी नदियों को फिर से पुनर्जीवित करने का काम किया। आज जो संगम में इतना पावन स्नान एक साथ एक दिन में करोड़ों लोग कर पा रहे हैं। जितनी भीड़ कभी मौनी अमावस्या को जुटती थी उतनी भीड़ हर दिन हो रही है। नदियों को चैनेलाइज किया गया। संगम क्षेत्र का दायरा बढ़ाया गया। संगम में हर समय 10 हजार से 11 हजार क्यूसेक जल हमेशा मौजूद रहे इसको सुनिश्चित किया गया।
जलवायु परिवर्तन रोकने के लिए जनभागीदारी आवश्यक
सीएम योगी ने कहा कि सरकार अपने स्तर पर कार्य कर रही है, लेकिन हमारा भी प्रयास होना चाहिए कि हम भी इसमें कैसे भागीदार बन सकते हैं। दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग करना क्या हम रोक पाएंगे, क्या नदियों पर कब्जा करना और प्रदूषण करने की प्रवृत्ति पर नियंत्रण कर पाएंगे, वन्य जीवों के प्रति क्या हमारे मन में भी संवेदना जागृत होगी, क्योंकि जैसे हमारा जीवन चक्र है ऐसे ही धरती माता का भी अपना एक जीवन चक्र है। हम दोनों को एक साथ जोड़ करके देखेंगे तब यह सृष्टि रहेगी। एक पेड़ मां के नाम, एक पेड़ आस्था के नाम लगाने के क्रम में हम भी सहभागी बन सकें।
इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, परमार्थ आश्रम के प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि, जगद्गुरु स्वामी मुकुंदानंद, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ अरुण कुमार सक्सेना एवं राज्य मंत्री केपी मलिक समेत विधायक व अधिकारी उपस्थित रहे।
-
लाइफ स्टाइल1 day ago
साइलेंट किलर है हाई कोलेस्ट्रॉल की बीमारी, इन लक्षणों से होती है पहचान
-
मुख्य समाचार3 days ago
वैलेंटाइन्स डे पर अपनी गर्लफ्रेंड को खुश करने के लिए दें ये खास गिफ्ट्स
-
उत्तर प्रदेश3 days ago
यूपी सरकार महाकुंभ में धर्मगुरुओं संग करेगी जलवायु परिवर्तन पर मंथन, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
-
अन्तर्राष्ट्रीय2 days ago
बम धमाके से दहला पाकिस्तान, सात की मौत, कई घायल
-
नेशनल2 days ago
रणवीर अल्लाहबादिया को सुप्रीम कोर्ट से झटका, जल्द सुनवाई की अपील खारिज
-
नेशनल1 day ago
महाकुम्भ में आस्था की डुबकी लगाएंगे राहुल-प्रियंका, कांग्रेस के इस नेता ने की पुष्टि
-
अन्तर्राष्ट्रीय3 days ago
पीएम मोदी दो दिनों की अमेरिका यात्रा पर, कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर होगी चर्चा
-
नेशनल1 day ago
अरविंद केजरीवाल की बढ़ेंगी मुश्किलें, ‘शीशमहल’ मामले में सीवीसी ने दिए जांच के आदेश