नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां अपनी ताकत दिखा रही हैं. आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी गुरुवार को दिल्ली में रोड शो किया. इस दौरान उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में एक बार फिर केजरीवाल सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता तैयार है. लगातार चौथी बार अरविंद केजरीवाल लोगों के दिलों के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. वहीं पंजाब के सीएम ने बीजेपी और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा.
सीएम भगवंत मान ने रोड शो के दौरान कहा कि दिल्ली की जनता ने पहले तीन बार आम आदमी पार्टी को बहुत भारी बहुमत से चुना. सबसे बड़ी बात यह है कि 2020 में चुनाव से 2 महीने पहले उन्होंने टीवी पर आकर कहा कि अगर दिल्ली की जनता को मेरा काम पसंद आया तो ही वोट दें. यह कहने के लिए हिम्मत चाहिए. यह कोई नेता नहीं कह सकता. यह वही कह सकता है जिसने काम किया हो. यह वही कह सकता है जिसमें आत्मविश्वास हो. इसलिए इस बार भी दिल्ली की जनता तैयार है. 5 फरवरी को एक बार फिर झाड़ू चलेगी.
‘कांग्रेस पहले दिल्ली में खाता खोलें और फिर बोलें’
दिल्ली विधानसभा चुनाव में राजनीतिक परिदृश्य लोकसभा चुनाव से बिल्कुल अलग है. राजधानी को लेकर इंडिया गठबंधन में भी दरार पड़ गई है. आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इस चुनाव में एक दूसरे के धुर विरोधी हैं. वहीं भगवंत मान ने कांग्रेस पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बारे में हम क्या कह सकते हैं. उनके पास कितनी सीटें हैं? पहले कितनी थीं? यह समय की बर्बादी है. कांग्रेस अपना रिकॉर्ड बनाए रखेगी. इस चुनाव में कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं होने वाला है. उनकी संख्या वही रहेगी. वे अपना रिकॉर्ड बनाए रखेंगे.
उन्होंने कहा कि. ‘उनसे कहो कि पहले देश की राजधानी में खाता खोलें और फिर बोलें. जहां राहुल गांधी जी, जहां सोनिया गांधी जी, जहां खड़गे जी, जहां उनका घर है, केजरीवाल पिछले तीन बार से वहां के विधायक हैं. इसका मतलब यह है कि वे न केवल अपना वोट देंगे, बल्कि उनके माली, रसोईया, रसोइया आदि भी केजरीवाल को वोट देते हैं.’ वहीं, सीएम मान ने बीजेपी प्रत्याशी प्रवेश वर्मा पर खुलेआम नकदी, जूते, जैकेट और सोना बांटने का आरोप लगाया.